सीधी बहरी तालाब में तैरता मिला 35 वर्षीय युवक का शव, गांव में फैली सनसनी..

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 05 Nov 2026, 05:38 AM IST | 0 min read
Share:

सीधी बहरी तालाब में तैरता मिला 35 वर्षीय युवक का शव, गांव में फैली सनसनी..

बहरी थाना क्षेत्र का मामला, मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोराही में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब में एक 35 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। तालाब में शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।

मृतक की पहचान रामाधार सोंधिया, पिता राजबहोर सोंधिया, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी ग्राम चोराही के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में युवक का शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना के बाद गांव में शोक और कौतूहल का माहौल है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं।