उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिला अस्पताल में अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। अस्पताल परिसर में धुएं का गुबार उठता देख मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित मरीज और उनके परिजन अस्पताल से बाहर निकलकर परिसर में पहुंच गए। घटना की सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया गया।
Also Read
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग अस्पताल के कुछ हिस्से तक ही सीमित रही और पूरे अस्पताल में नहीं फैली। आग लगने के कारणों को लेकर शुरुआत में स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भड़कने की आशंका जताई गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, पुलिस ने की पुष्टि
इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी थी, जिसे काबू में कर लिया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच चिंता का माहौल देखा गया।
जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर आग लगने की घटना ने विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन इंतजामों की अहमियत को एक बार फिर सामने ला दिया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए बिजली के उपकरणों की नियमित जांच और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम जरूरी हैं। फिलहाल आग पर काबू पा लिए जाने की जानकारी सामने आई है।



