बिना सीमांकन के ही लीज धारक ने शुरू कर दिया रेत कारोबार,मनमानी उत्खनन से गोपद नदी के अस्तित्व को खतरा…
संजय सिंह मझौली सीधी
Also Read
सीधी जिले व सिंगरौली जिले की सरहद में बहने वाली गोपद नदी में रेत कारोबार के लिए खनिज विभाग के द्वारा सशर्त लीज स्वीकृत की गई है जिसमें सीधी जिले के मड़वास तहसील के ग्राम निधिपुरी में एवं कुसमी तहसील के ग्राम गोतरा क्रमांक 01,क्रमांक 02 एवं क्रमांक 03 व पोंड़ी के नाम से संघमित्रा शिवशक्ति प्राइवेट लिमिटेड के नाम रेत कारोबार के लिए लीज स्वीकृत की गई है लेकिन निविदाकार के द्वारा ना तो नदी का सीमांकन कराया गया और ना ही सड़क निर्माण (रैंप) के लिए मुरूम की अनुमति ली गई।जबकि बड़ी मात्रा में मुरूम उत्खनन कर नदी तक सड़क एवं रैंप बनाया गया है वहीं बिना किसी वैध कागज (टीपी)के रेत का कारोबार भी शुरू कर दिया गया है जिससे साफ जाहिर होता है कि इसमें निविदा शर्तों का उल्लंघन किया गया है।

निविदा शर्तों का पालन किया जाना भी रहता है जरूरी
जानकारों के मुताबिक जब रेत कारोबार के लिए निविदा जारी की जाती है तो उसमें कई शर्तें रहती है जिसमें प्रमुख रूप से रेत उत्खनन स्थानीय श्रमिकों से कराया जाय,मशीनरी का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा,उत्खनन के कारण किसी के जान माल का नुकसान ना हो और नदी के अस्तित्व को खतरा न हो, सीमा निर्धारण कराया जाना, सड़क बनाने के लिए अनुमति लेना,वाहनों की आवागमन से वायु प्रदूषण ना फैले।लेकिन निविदा की शर्तों को ठेंगा दिखाते हुए रेत कारोबार शुरू कर दिया गया है जिससे ग्रामीणों में असंतोष पनप रहा है क्योंकि विगत वर्ष मनमानी तरीके से रेत का उत्खनन एवं परिवहन से एक तरफ जहां नदी के अस्तित्व पर ही खतरा मड़रा रहा था वहीं दूसरी तरफ कई दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं जिस कारण ग्रामीण शुरुआती दौर में ही मांग कर रहे हैं कि निविदा शर्तों का पालन करते हुए रेत का कारोबार किया जाए।
राजस्व विभाग के पास नही है कोई जानकारी
हद तो तब हो गईं जब इस संदर्भ मे राजस्व विभाग के जिम्मेवारों से जानकारी चाही गईं तो उन्होंने इस मामले से अपने आपको अनजान बताते हुए कोई भी जानकारी देने मे अपनी असमर्थता जताई l
इनका कहना
गोतरा रेत खदानों में रेत का कारोबार शुरू कर दिया गया है लेकिन सीमांकन नहीं किया गया है। बड़ी मात्रा में मुरुम का उत्खनन कर नदी तक सड़क भी बनाई गई है। शासन प्रशासन से मांग है कि निविदा शर्तों का पालन करते हुए रेत कारोबार किया जाए।
रामेश्वर सिंह ग्रामीण गोतरा
निधिपुरी में रेत खदान स्वीकृत होने के संबंध में मेरे कार्यालय में कोई जानकारी नहीं आई है अगर जानकारी आएगी तो संज्ञान लिया जाएगा।
वेदवती सिंह तहसीलदार मड़वास
हमें भी जानकारी मिली है कि गोतरा में रेत का कारोबार शुरू हो गया है लेकिन नदी में सीमांकन के संबंध में कोई आवेदन नहीं आया है जब कभी सीमा का विवाद होता है तो सीमांकन का आवेदन किया जाता है बाकी दो-तीन वर्षों से इसी तरह कारोबार होता है।अगर किसी प्रकार का आवेदन आएगा तो जांच कार्यवाही की जाएगी।
नारायण सिंह तहसीलदार कुसमी



