कन्या महाविद्यालय में अश्लील वीडियो भेजने का मामला गरमाया, NSUI और छात्राओं ने कलेक्टर से की शिकायत
स्पोर्ट्स टीचर पर कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन, अपर कलेक्टर बीपी पांडे बोले- जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई
Also Read
सीधी। सीधी जिले के कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के ग्रुप में कथित तौर पर अश्लील वीडियो भेजे जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे NSUI कार्यकर्ता अभिमन्यु सिंह और कन्या महाविद्यालय की कई छात्राओं ने एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर विकास मिश्रा के नाम अपर कलेक्टर बीपी पांडे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
गौरतलब है कि बीते 31 अक्टूबर को कन्या महाविद्यालय के छात्राओं के ग्रुप में स्पोर्ट्स टीचर उमेश पाठक के मोबाइल नंबर से कथित तौर पर छह अश्लील वीडियो भेजे गए थे। वीडियो दोपहर करीब 1 बजे भेजे गए और शाम 4 बजे के आसपास ग्रुप से हटा दिए गए। मामले में शिक्षक ने अपना मोबाइल हैक होने की बात कही थी और शाम करीब 6 बजे कोतवाली थाने में आवेदन भी दिया था। वहीं, छात्राओं ने इसकी शिकायत महाविद्यालय प्रबंधन से की थी।
NSUI के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने बताया कि छात्राओं के ग्रुप में इस तरह के अश्लील वीडियो भेजा जाना बेहद चिंताजनक और गंभीर मामला है। इस पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिमन्यु सिंह और कन्या महाविद्यालय की छात्राएं कई दिनों से मामले का विरोध कर रही हैं, लेकिन प्राचार्य ओपी नामदेव की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से अब जिला प्रशासन के सामने शिकायत रखी गई है।
वहीं, अपर कलेक्टर बीपी पांडे ने बताया कि इस संबंध में ज्ञापन प्राप्त हुआ है। संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।



