धनतेरस पर खरीदी नई पल्सर बाइक बनी हादसे की वजह, हिनौता में भीषण दुर्घटना; दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
सीधी से नई बाइक लेकर महुआ गांव जा रहे थे तीनों युवक, अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा घुसी मोटरसाइकिल, रीवा रेफर किया गया घायल
Also Read
सीधी। मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिनौता में शनिवार की देर रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पल्सर बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल सीधी से संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महुआ गांव निवासी तीन युवक धनतेरस के दिन सीधी स्थित बजाज एजेंसी से नई पल्सर मोटरसाइकिल खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। बाइक पर मनोज सिंह (20 वर्ष), कृष्ण देव सिंह (21 वर्ष) और बृज सिंह (21 वर्ष) सवार थे। इसी दौरान ग्राम हिनौता के पास अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसा इतना गंभीर था कि मनोज सिंह और कृष्ण देव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बृज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बृज सिंह के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वह दुर्घटना के बाद से अचेत अवस्था में है और बोलने की स्थिति में नहीं था। पहले उसे मड़वास अस्पताल से जिला चिकित्सालय सीधी भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया।
एम्बुलेंस चालक जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि घायल युवक की हालत बेहद गंभीर थी। वह अचेत अवस्था में था और कुछ बोल नहीं पा रहा था।
वहीं मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे थे। तीनों युवकों को सड़क किनारे गड्ढे से बाहर निकाला गया, जबकि मोटरसाइकिल गड्ढे में फंसी हुई थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए हैं तथा घायल युवक को उपचार के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद महुआ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



