### सोन घड़ियाल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, दो वाहन जब्त
चिलरी घाट से रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते टाटा 407 और ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए, कमर्जी थाने में खड़े कराए वाहन
Also Read
सीधी। सोन घड़ियाल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार 7 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने सोन नदी के चिलरी घाट, बीट कुर्वाह में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में लगे दो वाहनों को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी राजेश कन्ना टी के निर्देशन एवं अधीक्षक सोन घड़ियाल अभयारण्य सीधी प्रमोद सिंह के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई की गई। परिक्षेत्र सहायक कठौतहा के नेतृत्व में गठित टीम ने सोन घड़ियाल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान एक टाटा 407 एवं एक बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का पावरट्रैक ट्रैक्टर मय ट्रॉली को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया।
वन विभाग द्वारा दोनों वाहनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना कमर्जी में खड़ा कराया गया है।
इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक सीधी रामकुमार प्रजापति, परिक्षेत्र सहायक सिहावल संजीव कुमार सोनकर, परिसर रक्षक रमेश कुमार सोनकर, रामराज बंसल, शेर बहादुर पटेल, सुरक्षा श्रमिक देवराज सिंह तथा वाहन चालक राम शिरोमणि पाल एवं विनय सिंह का विशेष योगदान रहा।
प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर वन विभाग की इस कार्रवाई से रेत के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।



