शिकारियों पर शिकंजा कसने वन विभाग सक्रिय,दुकानों में शुरू की पड़ताल।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 07 Nov 2026, 05:31 AM IST | 1 min read
Share:

# शिकारियों पर शिकंजा कसने वन विभाग सक्रिय, दुकानों में शुरू की सघन पड़ताल

**टमसार बफर रेंज में वनकर्मियों ने हार्डवेयर और बिजली दुकानों पर की जांच, संदिग्ध सामग्री खरीदने वालों का रिकॉर्ड रखने के निर्देश**

**कुसमी।** जंगलों में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर अंकुश लगाने और वन्य प्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। टमसार बफर रेंज अंतर्गत वन परिक्षेत्राधिकारी हर्षित मिश्रा के निर्देश पर वनकर्मियों की टीम ने क्षेत्र की हार्डवेयर एवं बिजली दुकानों में सघन पड़ताल शुरू की है।

इस दौरान डिप्टी रेंजर अवध बिहारी मित्रा, परिक्षेत्र सहायक रौहाल श्रीचन्द्र पनिका, परिक्षेत्र सहायक कुसमी एवं वनरक्षक मोहित प्रजापति सहित वन अमले ने दुकानदारों को जीआई वायर, नुकीले उपकरण, सिल्वर वायर और खुले व नंगे बिजली के तारों की बिक्री को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए।

वनकर्मियों ने दुकानदारों से कहा कि इस प्रकार की सामग्री खरीदने वाले व्यक्तियों के नाम और आवश्यक जानकारी दर्ज रखें। सामग्री केवल वास्तविक घरेलू एवं निजी उपयोग के उद्देश्य से खरीदने वाले लोगों को ही दी जाए। यदि किसी व्यक्ति पर जंगल में शिकार के उद्देश्य से सामग्री खरीदने का संदेह हो तो बिना जानकारी की पुष्टि किए ऐसी सामग्री उपलब्ध न कराई जाए और वन विभाग को सूचना दी जाए।

पड़ताल के दौरान वनकर्मियों ने दुकानदारों को वन्यजीवों के संरक्षण और शिकार से होने वाले नुकसान के बारे में भी विस्तार से समझाया। साथ ही ग्रामीणों को लगातार जागरूक कर जंगल और वन्य प्राणियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की जा रही है।

वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की अवैध खरीद-फरोख्त पर निगरानी रखना और समय रहते शिकारियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।